सकलडीहा तहसील में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में हुआ जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस
जिलाधिकारी द्वारा तहसील का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीन वर्ष से अधिक लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता पर लेते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार स्तर पर लंबित पुराने प्रकरणों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही फाइलों के रख-रखाव एवं कार्यालयीन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए।
सकलडीहा, चंदौली

4:53 PM, Feb 21, 2026
जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
चंदौली । सरकार के मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से जनपद चंदौली की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सकलडीहा तहसील सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समाधान होना चाहिए, ताकि जनता को न्याय मिल सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित पेंशन योजना जैसी लाभार्थीपरक योजनाओं से पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। साथ ही निर्विवाद वरासत एवं अन्य लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
Advertisement
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 136 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि 10 मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण हेतु भेजा गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग एवं पुलिस से संबंधित रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में आए प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जाए। सभी शिकायतों की निगरानी आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से की जा रही है।
