जनगणना ड्यूटी को लेकर शिक्षकों में नाराजगी, 5 किमी के दायरे में तैनाती की मांग
मण्डल के माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाए जाने को लेकर असंतोष सामने आ रहा है। शिक्षकों का कहना है कि उनकी ड्यूटी कई मामलों में उनके कार्यस्थल से काफी दूर निर्धारित की जा रही है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाराणसी

10:35 AM, Apr 23, 2026
वाराणसी। मण्डल के माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाए जाने को लेकर असंतोष सामने आ रहा है। शिक्षकों का कहना है कि उनकी ड्यूटी कई मामलों में उनके कार्यस्थल से काफी दूर निर्धारित की जा रही है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने प्रशासन से मांग की है कि शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यस्थल से अधिकतम 5 किलोमीटर के भीतर ही लगाई जाए, ताकि वे सुगमता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
Advertisement
इसके साथ ही संघ ने एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाया है। बताया गया कि जनगणना कार्य के लिए शिक्षकों की ड्यूटी ग्रीष्मावकाश के दौरान लगाई जा रही है। संघ का कहना है कि अवकाश सेवा नियमावली के अनुसार यदि शिक्षकों से छुट्टी के दिनों में कोई अतिरिक्त कार्य लिया जाता है, तो उसके बदले उन्हें अर्जित अवकाश प्रदान किया जाना चाहिए।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह ने सरकार से अपील करते हुए कहा है कि इन दोनों मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए, ताकि शिक्षकों के हितों की रक्षा हो सके और जनगणना कार्य भी सुचारु रूप से संपन्न हो।
