अनफिट स्कूली वाहनों पर होगी सीधी कार्रवाई, चालक भी नहीं बचेंगे
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने की। उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को स्कूली वाहनों की नियमित और गहन जांच करने के निर्देश दिए।
चंदौली

5:09 PM, Aug 10, 2026
विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक में एडीएम ने दिए सख्त निर्देश, रोजाना होगी स्कूली वाहनों की जांच
चन्दौली। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने की। उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को स्कूली वाहनों की नियमित और गहन जांच करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क पर चलने वाली स्कूली बस, वैन और ई-रिक्शा की जांच की जाए। बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित वाहनों, ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्कूली वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन कराने के साथ ही नशे की हालत में अथवा लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस, प्राथमिक उपचार किट और अग्निशमन यंत्र चालू हालत में रखने को अनिवार्य बताया।
Advertisement
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि यदि किसी अनफिट या नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहन से दुर्घटना होती है तो संबंधित विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। एडीएम ने अधिकारियों को रोजाना चेकिंग अभियान चलाने और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों और चालकों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में आरटीओ अभिषेक सिंह, एआरटीओ सर्वेश गौतम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी, यातायात पुलिस और एनएचएआई के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
