अलीनगर में डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी का भंडाफोड़, 100 लीटर डीजल बरामद
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, लगभग 12 हजार लीटर डीजल-पेट्रोल से भरा टैंकर और तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि, पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए।

5:37 PM, Nov 17, 2026
12 हजार लीटर डीजल-पेट्रोल से भरा टैंकर भी पुलिस ने कब्जे में लिया, मौके से चालक समेत तीन आरोपी फरार
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, लगभग 12 हजार लीटर डीजल-पेट्रोल से भरा टैंकर और तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि, पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए।
प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से करीब 100 मीटर पहले खड़े टैंकर संख्या UP 45 T 3706 से डीजल चोरी किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग चोरी किया जा रहा डीजल और उपकरण छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान टैंकर के पिछले हिस्से के चेंबर का लॉक टूटा मिला और ढक्कन खुला हुआ था। उसमें पाइप लगा था तथा टैंकर से डीजल का रिसाव हो रहा था।
पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, 12 हजार लीटर डीजल-पेट्रोल से भरा टैंकर, दो भरे हुए 50-50 लीटर के गैलन, दो खाली गैलन, तीन खाली बाल्टी, लोहे की कुप्पी, हथौड़ी, पंच मशीन, 50 पिन, दो पेचकश तथा करीब 28 फीट प्लास्टिक पाइप बरामद किया।
Advertisement
ट्रांसपोर्ट कार्यालय के संचालक का नाम आया सामने
पुलिस के मुताबिक, बरामद टैंकर के पंजीकृत वाहन स्वामी के रूप में मो. यासिन पुत्र मुर्तजा निवासी अलीनगर का नाम सामने आया है। पूछताछ में अन्य टैंकर चालकों से जानकारी मिली कि घटनास्थल के पास ही वाहन स्वामी का ट्रांसपोर्ट कार्यालय है, जहां से इंडियन ऑयल कंपनी में 22 टैंकर संचालित होते हैं।
मौके से फरार व्यक्तियों की पहचान चंद्रमा चौहान उर्फ चंदा निवासी बिछड़ी, टैंकर चालक मंगल चौहान निवासी मुगलचक और खलासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 707/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और पेट्रोलियम अधिनियम की धारा 23 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक योगेंद्र नाथ यादव, अनिल कुमार यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इंडियन ऑयल डिपो से जुड़े टैंकरों में तेल चोरी के मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
