धानापुर ने लगातार 11वीं बार जीती जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता की ट्रॉफी
धानापुर (चंदौली)। विकासखंड धानापुर के आवाजापुर स्थित शहीद कैप्टन विजय प्रताप सिंह पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित 24वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह सत्र 2026-27 का गुरुवार को उत्साह और उमंग के बीच भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विकासखंड धानापुर ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार 11वीं बार जनपदीय विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं चकिया दूसरे और चंदौली सदर
धानापुर, चंदौली

4:44 PM, Nov 26, 2026
खेल मैदान में धानापुर का दबदबा कायम, चकिया दूसरे और चंदौली सदर तीसरे स्थान पर रहा
विधायक सुशील सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित, नन्हे खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
धानापुर (चंदौली)। विकासखंड धानापुर के आवाजापुर स्थित शहीद कैप्टन विजय प्रताप सिंह पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित 24वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह सत्र 2026-27 का गुरुवार को उत्साह और उमंग के बीच भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विकासखंड धानापुर ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार 11वीं बार जनपदीय विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं चकिया दूसरे और चंदौली सदर तीसरे स्थान पर रहा। धानापुर की इस उपलब्धि से शिक्षकों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह तथा विशिष्ट अतिथि चंदौली ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने की। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन से ही धानापुर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए बढ़त बना ली थी। दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने पूरे जोश और जज्बे के साथ मैदान में उतरकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। दौड़, कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नन्हे प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में बच्चों का उत्साह, अनुशासन और जीत के प्रति जुनून देखते ही बन रहा था। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
Advertisement
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है।
लगातार 11वीं बार जनपद विजेता बनने पर धानापुर के खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, अनुदेशकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे विकासखंड के शिक्षकों के सामूहिक प्रयास, बेहतर प्रशिक्षण, समर्पण और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। लगातार 11 वर्षों तक जनपद में अपना दबदबा कायम रखना धानापुर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की अपील की।
इस अवसर पर सकलडीहा के खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह, अमरजीत जायसवाल, इम्तियाज खान, ज्ञानचंद्र कांत, इमरान खान, अशोक सिंह, अवधेश सिंह, विवेकानंद दुबे, नवीन सिंह, दिलीप कुमार, राकेश रावत, नूर अख्तर, मंगलदेव शर्मा, बृजेश सिंह, प्रदीप सिंह, शांतनु यादव, मनीष सिंह, नत्थू यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, खेल प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जेपी रावत ने किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में डॉ. देवेंद्र प्रताप यादव और सुनील सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं समापन पर आयोजकों ने अतिथियों, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और प्रतिभागी बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया।
