कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, जमकर किया दान-पुण्य
चंदौली। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार की भोर से ही बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं मां गंगा के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्नान के बाद लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों और ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र, चावल सहित अन्य सामग्री का दान किया।
चंदौली

4:38 PM, Nov 24, 2026
बलुआ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, स्नान-दान के साथ मेले में खरीदारी का दिखा उत्साह
चंदौली। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार की भोर से ही बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं मां गंगा के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्नान के बाद लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों और ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र, चावल सहित अन्य सामग्री का दान किया।
सुबह से ही गंगा घाट पर स्नान-दान का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते घाटों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन देवता भी पृथ्वी पर आकर गंगा में स्नान करते हैं। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए बलुआ घाट पहुंचे। वहीं, कई श्रद्धालु वाराणसी के गंगा घाटों पर भी स्नान के लिए रवाना हुए।
गंगा स्नान करने में असमर्थ लोगों ने घर पर ही पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। लोगों ने घरों में हवन और धार्मिक अनुष्ठान भी कराए। मान्यता के अनुसार पूर्णिमा के दिन अन्न और वस्त्र का दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रही पुलिस
Advertisement
गंगा घाट पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। महिला पुलिसकर्मियों के साथ निजी गोताखोर और गंगा सेवा समिति के सदस्य भी घाट पर मुस्तैद रहे। सभी ने स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
मेले में खरीदारी को लेकर दिखा उत्साह
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगे मेले में धार्मिक आस्था के साथ खरीदारी का भी खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न क्षेत्रों से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें आकर्षक ढंग से सजाई थीं। खिलौने, मिठाई, घरेलू सामान और अन्य वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ मेले का आनंद लेते हुए जमकर खरीदारी की। इससे दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई।
