ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर ब्लॉक प्रमुख व बीडीओ को सौंपा पत्रक, 30 सितंबर तक भुगतान नहीं होने पर आंदोलन का ऐलान
धानापुर। मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों के सामग्री मद का भुगतान नहीं होने से ग्राम प्रधानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्राम प्रधानों ने धानापुर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर बकाया भुगतान कराने की मांग की। प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह और खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित पत्रक सौंपकर जल्द भुगतान कराने की मांग की।
चंदौली

5:32 PM, Sep 21, 2026
मनरेगा सामग्री मद का भुगतान न होने पर प्रधानों ने दी सामूहिक भूख हड़ताल की चेतावनी
धानापुर। मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों के सामग्री मद का भुगतान नहीं होने से ग्राम प्रधानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्राम प्रधानों ने धानापुर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर बकाया भुगतान कराने की मांग की। प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह और खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित पत्रक सौंपकर जल्द भुगतान कराने की मांग की।
प्रधानों का कहना है कि ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों में प्रयुक्त सामग्री का भुगतान लंबे समय से लंबित है। भुगतान नहीं होने के कारण संबंधित फर्मों और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं का दबाव ग्राम प्रधानों पर बढ़ रहा है। प्रधानों ने कहा कि भुगतान की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की है, लेकिन भुगतान लंबित होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानों ने कहा कि मनरेगा कार्यों को कराने में ग्राम पंचायतों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही गांवों में विकास कार्य कराए गए, लेकिन सामग्री मद की धनराशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे पंचायतों के सामने आर्थिक और प्रशासनिक समस्याएं खड़ी हो रही हैं।
Advertisement
प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि 30 सितंबर तक मनरेगा के सामग्री मद का बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो ग्राम प्रधान सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इसके तहत ब्लॉक मुख्यालय पर सामूहिक भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
प्रधानों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए लंबित भुगतान जल्द कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय से भुगतान होने पर ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और प्रधानों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव भी नहीं रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे। प्रधानों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा तक भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। इस दौरान प्रधानसंघ अध्यक्ष राजेश सिंह, रामजी कुशवाहा, आशुतोष सिंह, "मिंटू", लक्ष्मण सिंह, धरमा देवी, पप्पू यादव, धरम सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
