17 जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग, निषाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक सुशील सिंह को सौंपा ज्ञापन
निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बिंद के नेतृत्व में शनिवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सैयदराजा में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विधायक सुशील सिंह को कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
चंदौली

6:32 PM, Aug 1, 2026
सैयदराजा (चंदौली)। निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बिंद के नेतृत्व में शनिवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सैयदराजा में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विधायक सुशील सिंह को कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष अरविंद बिंद ने कहा कि निषाद, केवट, मल्लाह, कश्यप, कहार, धीमर, बिंद, तुरहा, गोंडिया, माझी सहित 17 जातियों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हटाकर अनुसूचित जाति (एससी) में शामिल किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग उठाए जाने के बावजूद अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो निषाद पार्टी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
Advertisement
विधायक सुशील सिंह ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा, ताकि संबंधित 17 जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने की दिशा में पहल हो सके।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार निषाद, अमित निषाद, शमशेर निषाद, जितेंद्र निषाद, शिव कुमारी निषाद, विवेक कुमार, कविता, अतवारी देवी, शांति देवी सहित बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
