बी-पैक्स शहाबगंज पर डीएपी के लिए उमड़ी किसानों की भीड़, घंटों कतार में खड़े रहे अन्नदाता
शहाबगंज (चंदौली)। बी-पैक्स शहाबगंज समिति पर शुक्रवार को डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। समिति पर 600 बोरी डीएपी खाद पहुंचने की सूचना मिलते ही किसान सुबह पांच बजे से ही आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचने लगे। देखते ही देखते समिति परिसर में किसानों की लंबी कतार लग गई। खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था के चलते किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर तक घंटों कता
शहाबगंज, चंदौली

4:50 PM, Nov 26, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्स600 बोरी खाद के वितरण में अव्यवस्था, कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा; किसानों ने लगाया पक्षपात का आरोप
शहाबगंज (चंदौली)। बी-पैक्स शहाबगंज समिति पर शुक्रवार को डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। समिति पर 600 बोरी डीएपी खाद पहुंचने की सूचना मिलते ही किसान सुबह पांच बजे से ही आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचने लगे। देखते ही देखते समिति परिसर में किसानों की लंबी कतार लग गई। खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था के चलते किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर तक घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद कई किसानों को बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ा।
खाद वितरण के दौरान किसानों की बढ़ती भीड़ और हंगामे की स्थिति को देखते हुए शहाबगंज पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया, लेकिन किसानों की नाराजगी कम नहीं हुई। सीमित मात्रा में खाद उपलब्ध होने के कारण वितरण को लेकर किसानों में असंतोष बना रहा।
Advertisement
किसान श्रीप्रकाश सिंह और जावेद खान ने समिति कर्मचारियों पर सत्ता पक्ष के लोगों के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अपने चहेते लोगों को खाद उपलब्ध कराई गई, जबकि सुबह से कतार में खड़े कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। उन्होंने खाद वितरण में पक्षपात किए जाने की शिकायत की।
किसानों ने बताया कि बड़े किसानों को भी एक आधार कार्ड पर पांच बोरी से अधिक डीएपी नहीं दी गई। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि फार्मर्स रजिस्ट्रेशन, किसान आईडी और आधार कार्ड बनवाने के बाद भी किसानों को खाद के लिए पहले से अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रक्रियाएं पूरी करने के बावजूद समितियों पर खाद हासिल करना किसानों के लिए चुनौती बना हुआ है।
राम अवध सिंह ने खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किसानों को राहत मिलने के बजाय उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने सरकार के अच्छे दिनों और गुजरात मॉडल के दावों पर भी सवाल उठाए और समितियों में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाया। किसानों ने मांग की कि खाद वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनाई जाए, ताकि जरूरतमंद किसानों को बिना किसी भेदभाव के डीएपी उपलब्ध हो सके।
