₹25 हजार का इनामी गोवध आरोपी गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड से खरीदा था वाहन
चंदौली। सैयदराजा पुलिस ने गोवध के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामी आरोपी श्यामबली राम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गोवंश तस्करी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन को फर्जी आधार कार्ड के जरिए खरीदा था। आरोपी को 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर चंदौली से गिरफ्तार किया गया।
चंदौली

4:21 PM, Sep 19, 2026
चंदौली। सैयदराजा पुलिस ने गोवध के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामी आरोपी श्यामबली राम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गोवंश तस्करी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन को फर्जी आधार कार्ड के जरिए खरीदा था। आरोपी को 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर चंदौली से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2025 को सूचना मिली थी कि दो टाटा मैजिक वाहनों से गोवंश को लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। इस पर सैयदराजा पुलिस ने एनएच-2 पर बगही कुंभापुर के पास बैरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान वाहन संख्या BR24GB7941 को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें दो गोवंश क्रूरतापूर्वक लदे मिले। पुलिस ने मौके से राहुल कुमार और अरबिंद तिवारी को गिरफ्तार किया था।
वहीं, दूसरा वाहन UP64T6823 छोड़कर उसका चालक फरार हो गया था। ई-चालान ऐप से जांच में वाहन श्यामबली राम के नाम दर्ज मिला। इस मामले में सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
फर्जी आधार कार्ड से वाहन खरीदने का आरोप
Advertisement
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि वाहन खरीदते समय श्यामबली राम ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कूटरचित आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने वाहन के आरसी दस्तावेज, कथित फर्जी आधार कार्ड और मूल आधार कार्ड का मिलान किया। इसके बाद मुकदमे में धारा 318(4), 319, 338, 336 और 340 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी श्यामबली राम पुत्र मुन्नर राम, निवासी ग्राम परेवा, पोस्ट नौबतपुर, थाना सैयदराजा, चंदौली है। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं के साथ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल शंकर राम और कांस्टेबल बृजेश चौहान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
