सिलेंडर न मिलने से भड़के उपभोक्ता, सड़क पर सिलेंडर रखकर लगाया जाम
कमालपुर, चंदौली। इंडेन गैस एजेंसी कमालपुर की कथित अव्यवस्थाओं से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। सिलेंडर की आपूर्ति नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने कमालपुर-सकलडीहा मार्ग पर इनायतपुर प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची धीना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
कमालपुर, चंदौली

5:14 PM, Sep 8, 2026
ज़लील अंसारी
जनपद न्यूज़ टाइम्स
कमालपुर, चंदौली। इंडेन गैस एजेंसी कमालपुर की कथित अव्यवस्थाओं से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। सिलेंडर की आपूर्ति नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने कमालपुर-सकलडीहा मार्ग पर इनायतपुर प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची धीना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को एजेंसी की ओर से गौसपुर, कादिराबाद, हेतमपुर, इकबालपुर, नौरंगाबाद, इनायतपुर समेत आसपास के गांवों के उपभोक्ताओं को सूचना दी गई थी कि इनायतपुर प्राथमिक विद्यालय के पास सिलेंडर का वितरण किया जाएगा। सूचना के बाद ग्रामीण सुबह से ही मौके पर लाइन लगाकर सिलेंडर मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन दोपहर तक सिलेंडर नहीं पहुंचा। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर सिलेंडर रखकर आवागमन बाधित कर दिया।
पहले भी इंतजार कराने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी की ओर से इससे पहले भी दो बार इसी तरह उपभोक्ताओं को सिलेंडर देने के लिए बुलाया गया, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी आपूर्ति नहीं की गई। उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मचारियों पर सिलेंडर की कालाबाजारी किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि कई बार सिलेंडर मिले बिना ही उनके मोबाइल पर डिलीवरी का संदेश आ जाता है और खाते में सब्सिडी भी पहुंच जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं तो डिलीवरी का संदेश कैसे भेज दिया जाता है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
एजेंसी बदलने की मांग
Advertisement
ग्रामीणों ने मांग की कि यदि कमालपुर की इंडेन गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को समय से सिलेंडर उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं है तो उसे निलंबित कर धानापुर या अमड़ा गैस एजेंसी से संबद्ध किया जाए, ताकि लोगों को नियमित रूप से गैस सिलेंडर मिल सके।
उपभोक्ताओं का कहना है कि लंबे समय से बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
थाना प्रभारी ने डीएम से की शिकायत
जाम की सूचना पर थाना प्रभारी धीना दिलीप श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को फोन पर गैस एजेंसी की अव्यवस्था की जानकारी दी।
बताया गया कि जिलाधिकारी ने इंडेन गैस कंपनी के उच्चाधिकारियों को फोन पर निर्देशित करते हुए एजेंसी से गैस सिलेंडरों का वितरण सुचारु रूप से सुनिश्चित कराने और मामले में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। कंपनी के अधिकारियों ने जल्द आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। वहीं, ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल समाधान कराने के लिए थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव की कार्यशैली की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि अधिकारी इसी तरह मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराएं तो विवाद की स्थिति उत्पन्न ही न हो।
