नई दिल्ली से गिरफ्तार हुआ 25 हजार का इनामी कंपनी निदेशक, 44 लाख की निवेश ठगी का आरोपी
गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार पुत्र ओमप्रकाश भगत, निवासी पंचशील विहार, थाना मालवीय नगर (नई दिल्ली) है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की पूर्ववर्ती आईपीसी की धारा 406, 467, 468, 471 एवं 120-बी के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधीक्षक चंदौली ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
चंदौली

7:44 PM, Jul 7, 2026
चंदौली। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) वाराणसी की टीम ने 44 लाख रुपये की निवेश ठगी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी एसआरजी पॉलीपेट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का निदेशक है और उसके खिलाफ चंदौली न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था।
गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार पुत्र ओमप्रकाश भगत, निवासी पंचशील विहार, थाना मालवीय नगर (नई दिल्ली) है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की पूर्ववर्ती आईपीसी की धारा 406, 467, 468, 471 एवं 120-बी के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधीक्षक चंदौली ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2015 में आकाश कुमार और उसके सहयोगी दीपक जायसवाल ने मुगलसराय निवासी संतोष कुमार को कंपनी में निदेशक, शेयरधारक और व्यावसायिक साझेदार बनाने का झांसा देकर करीब 44 लाख रुपये का निवेश कराया। पीड़ित ने चेक के माध्यम से लगभग 17 लाख रुपये आकाश कुमार के दो बैंक खातों में, 12 लाख रुपये दीपक जायसवाल के दो खातों में तथा करीब 15 लाख रुपये कंपनी के बैंक खातों में जमा किए थे।
आरोप है कि दोनों ने फर्जी शेयरधारक दस्तावेज तैयार कर संतोष कुमार को सौंप दिए और न तो कोई लाभांश दिया और न ही निवेश की रकम वापस की।
Advertisement
इस मामले में वर्ष 2017 में थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में शासन ने इसकी जांच ईओडब्ल्यू वाराणसी को सौंप दी। मामले के एक अन्य आरोपी दीपक जायसवाल की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू वाराणसी प्रदीप कुमार के निर्देशन में निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, मुख्य आरक्षी छेदी सिंह एवं हेमंत सिंह की टीम गठित की गई थी। जांच में पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी दिल्ली और धनबाद के कई पते बदल चुका था। पूछताछ में उसने पिछले पांच वर्षों से गोवा में ठिकाना बदलकर रहने की जानकारी दी।
ईओडब्ल्यू टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर नई दिल्ली से चंदौली लेकर रवाना हो गई है।
