एक दिन के लिए ग्राम प्रधान बनीं बाल विवाह योद्धा सोनी, बच्चों की समस्याएं सुन समाधान का दिया भरोसा
शहाबगंज (चंदौली)। बाल दिवस एवं बाल अधिकार सप्ताह के अवसर पर शनिवार को ग्राम पंचायत ढोढनपुर में ग्राम पंचायत स्तरीय बाल सभा का आयोजन किया गया। इसमें गांव के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी समस्याओं, जरूरतों और मांगों को खुलकर रखा। बच्चों ने चित्रकला एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी भावनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया।
शहाबगंज, चंदौली

6:33 PM, Nov 14, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। बाल दिवस एवं बाल अधिकार सप्ताह के अवसर पर शनिवार को ग्राम पंचायत ढोढनपुर में ग्राम पंचायत स्तरीय बाल सभा का आयोजन किया गया। इसमें गांव के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी समस्याओं, जरूरतों और मांगों को खुलकर रखा। बच्चों ने चित्रकला एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी भावनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राम आशीष की अध्यक्षता में एक विशेष पहल की गई। इसके तहत बाल विवाह योद्धा कुमारी सोनी को एक दिन के लिए ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी गई। ग्राम प्रधान की भूमिका में सोनी ने बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सोनी ने बच्चों से शिक्षा, स्वच्छता, खेलकूद, सुरक्षित वातावरण, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनकी शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों का संरक्षण बेहद जरूरी है। बच्चों की आवाज को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाना चाहिए।
Advertisement
बाल सभा में उपस्थित विद्यालय के शिक्षकों, ग्राम पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समिति (VLCPC) के सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों तथा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी बच्चों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत को बाल हितैषी एवं बाल सुरक्षित पंचायत के रूप में विकसित करना तथा पंचायत के निर्णयों में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों की समस्याओं को सुनना और उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर VLCPC सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, शिक्षक, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
