पूजा,प्रसाद, प्रकृति और पवित्रता का महापर्व है छठ
चंदौली। छठ का पर्व बिहार का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। पिछले एक दशक से यह जनपद सहित पूर्वांचल में तेजी से मनाया जाने लगा।यह पर्व आस्था, प्रकृति और और पवित्रता का लोक संस्कृति का महापर्व है। दो दिनों तक सूर्य उपासना में लीन रहेंगे। छठ महापर्व का विशेष स्थान है। प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सूर्य उपासना, पारिवारिक सुख-समृद्धि और सामाजिक एकता का प्रतीक यह चार दिवसीय पर्व इस वर्ष 13 से 16 नवंबर तक मनाया ज
चंदौली

9:59 PM, Nov 13, 2026
चंदौली। छठ का पर्व बिहार का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। पिछले एक दशक से यह जनपद सहित पूर्वांचल में तेजी से मनाया जाने लगा।यह पर्व आस्था, प्रकृति और और पवित्रता का लोक संस्कृति का महापर्व है। दो दिनों तक सूर्य उपासना में लीन रहेंगे। छठ महापर्व का विशेष स्थान है। प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सूर्य उपासना, पारिवारिक सुख-समृद्धि और सामाजिक एकता का प्रतीक यह चार दिवसीय पर्व इस वर्ष 13 से 16 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इस दौरान श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगे। कठिन नियमों और संयम का पालन करते हुए व्रती निर्जला उपवास रखेंगे तथा नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। वाले इस महापर्व में 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर की शाम संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर की सुबह उषा अर्घ्य दिया जाएगा। व्रत का समापन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ होगा। इस दौरान घरों से लेकर छठ घाटों तक भक्ति और उल्लास का वातावरण रहेगा। छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता, अनुशासन, सामूहिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है।
छठ पूजा को सूर्य षष्ठी, डाला छठ और छठ महापर्व के नाम से भी जाना जाता है। छठ पूजा की परंपरा लगातार मजबूत हुई है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी भव्य मंदिर या मूर्ति की अनिवार्यता नहीं होती। प्रकृति के बीच जलाशय के किनारे खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित करना ही इसकी प्रमुख धार्मिक परंपरा है। सूर्य को जीवन, ऊर्जा, प्रकाश और स्वास्थ्य का आधार माना गया है। यही वजह है कि श्रद्धालु सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए परिवार और समाज के कल्याण की कामना करते हैं।
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है और इसका समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में स्वच्छता, संयम, सात्विकता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। व्रती अपने खानपान से लेकर पूजा की तैयारियों तक हर छोटी-बड़ी बात में पवित्रता के नियमों का पालन करते हैं। इस दौरान घरों की साफ-सफाई की जाती है और पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों तथा सामग्री को भी विशेष रूप से स्वच्छ रखा जाता है। छठ पूजा में व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को व्रती कहा जाता है। परंपरागत रूप से महिलाएं बड़ी संख्या में यह व्रत करती हैं, लेकिन पुरुष भी पूरी श्रद्धा के साथ इसमें शामिल होते हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी व्रती की सहायता करते हैं। इस तरह छठ व्यक्तिगत उपासना के साथ-साथ पारिवारिक सहभागिता और सामूहिक एकजुटता का पर्व बन जाता है।
Advertisement
महापर्व के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना का प्रसाद विशेष विधि और शुद्धता के साथ तैयार किया जाता है। इसमें गुड़ की खीर, रोटी और फल प्रमुख रूप से शामिल होते हैं। कई क्षेत्रों में गुड़ की खीर को रसियाव भी कहा जाता है। खरना की पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और इसके साथ ही लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। इसे छठ पूजा के सबसे कठिन अनुष्ठानों में से एक माना जाता है। खरना का प्रसाद परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और परिचितों के बीच भी वितरित किया जाता है। इससे आपसी प्रेम, सद्भाव और सामूहिकता की भावना मजबूत होती है।
छठ महापर्व का तीसरा दिन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। 15 नवंबर की शाम व्रती और उनके परिवार के सदस्य पूजा सामग्री के साथ नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचेंगे। इस दिन अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसे संध्या अर्घ्य या अस्ताचलगामी सूर्य की पूजा कहा जाता है। इस अवसर पर बांस से बने सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना, अदरक, मूली और अन्य पारंपरिक पूजा सामग्री सजाई जाती है। व्रती जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली तथा सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते हैं। दीपों की रोशनी और पूजा के पारंपरिक दृश्यों से पूरा वातावरण भक्तिमय और मनोहारी हो उठता है। इस दिन अस्त होते सूर्य की उपासना का विशेष महत्व है। छठ की यह परंपरा जीवन के प्रत्येक चरण के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देती है। श्रद्धालु केवल उगते सूर्य ही नहीं, बल्कि अस्त होते सूर्य को भी समान श्रद्धा से अर्घ्य अर्पित करते हैं। यह परंपरा इस पर्व को अन्य धार्मिक आयोजनों से विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।
छठ पूजा को कठिन व्रतों में गिना जाता है, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए यह केवल तपस्या नहीं, बल्कि अटूट विश्वास और आत्मानुशासन का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रती जिस निष्ठा, धैर्य और संयम के साथ नियमों का पालन करते हैं, वह उनकी गहरी धार्मिक आस्था को दर्शाता है। परिवार के सदस्य भी इस दौरान व्रती की सेवा और पूजा की तैयारियों में पूरी तरह जुटे रहते हैं। सूर्य की उपासना के माध्यम से यह पर्व हमें याद दिलाता है कि प्रकृति के प्रत्येक तत्व का जीवन में विशेष महत्व है।
