धानापुर के चंद्रजीत बने कृषि प्राविधिक सहायक अधिकारी
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही धानापुर क्षेत्र के सरया गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के होनहार युवक चंद्रजीत यादव का चयन कृषि विभाग में कृषि प्राविधिक सहायक अधिकारी के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
धानापुर, चंदौली

चंद्रजीत यादव
12:54 PM, Jun 25, 2026
UPSSSC परीक्षा में लहराया परचम, सरया गांव में जश्न का माहौल
धानापुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही धानापुर क्षेत्र के सरया गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के होनहार युवक चंद्रजीत यादव का चयन कृषि विभाग में कृषि प्राविधिक सहायक अधिकारी के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
चंद्रजीत यादव जनपद चंदौली के ग्राम सरया के निवासी हैं। चयन की सूचना मिलते ही ग्रामीणों, शुभचिंतकों और रिश्तेदारों का उनके घर बधाई देने के लिए तांता लग गया। लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
चंद्रजीत ने अपनी इंटरमीडिएट की शिक्षा अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शहीदगांव (चंदौली) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने पीजी कॉलेज, गाजीपुर से बीएससी (एग्रीकल्चर) एवं बीएड की डिग्री हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं बड़े भाई अजीत यादव को दिया।
चंद्रजीत ने बताया कि उनका लक्ष्य एग्रीकल्चर रिसर्च साइंटिस्ट (ARS) बनना था और आगे भी वह ARS के साथ-साथ PCS की तैयारी जारी रखेंगे।
संघर्ष और संस्कारों ने दिलाया मुकाम
Advertisement
चंद्रजीत की माता कौशल्या देवी ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपने बच्चों को अनुशासन, नैतिक शिक्षा और अच्छे संस्कार दिए। उन्होंने कहा कि कई बार लोगों के ताने भी सुनने पड़े, लेकिन बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए कभी पीछे नहीं हटीं। आज बेटों की सफलता देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति होती है।
उन्होंने बताया कि उनका छोटा बेटा अभयजीत यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में कोतवाली कौशांबी में तैनात है, जबकि बड़े बेटे अजीत यादव पुणे की एक प्रतिष्ठित कंपनी में मैनेजर हैं। वहीं मझले बेटे सूर्या यादव भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हुए हैं।
