छात्रवृत्ति योजना में चंदौली के छात्रों को राहत, वंचित विद्यार्थियों को मिलेगा दोबारा मौका
शैक्षिक सत्र 2025-26 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से किसी कारणवश वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग जल्द ही पोर्टल दोबारा खोलेगा, जिससे छूटे हुए पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सके। यह निर्णय समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य छात्र को केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात
चंदौली

4:50 PM, Apr 15, 2026
चंदौली। शैक्षिक सत्र 2025-26 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से किसी कारणवश वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग जल्द ही पोर्टल दोबारा खोलेगा, जिससे छूटे हुए पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सके। यह निर्णय समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य छात्र को केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि पोर्टल दोबारा खोलकर सभी पात्र छात्रों को पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई बिना बाधा के जारी रह सके।
तकनीकी समस्या के कारण रुकी प्रक्रिया
समाज कल्याण विभाग के अनुसार तकनीकी कारणों से नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) द्वारा मास्टर फीस प्रोसेस नहीं हो सकी थी, जिसके चलते कई छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। विभाग ने बताया कि इस समस्या का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही पोर्टल खोलकर छात्रों के खातों में छात्रवृत्ति की राशि भेजी जाएगी।
Advertisement
पिछले वर्ष भी मिला था लाभ
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष भी दोबारा पोर्टल खोले जाने से कई छात्रों को लाभ मिला था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत पोर्टल खोलने पर 280 छात्रों को कुल 45,44,662 रुपये की धनराशि प्रदान की गई थी।
इनमें अनुसूचित जाति के 119 छात्रों को लगभग 14.73 लाख रुपये तथा सामान्य वर्ग के 161 छात्रों को करीब 30.71 लाख रुपये की सहायता दी गई थी। विभाग का कहना है कि इस बार भी वंचित सभी पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
