रक्षाबंधन को लेकर चन्दौली पुलिस अलर्ट, एसपी ने मुगलसराय और पड़ाव में किया पैदल गश्त
चन्दौली। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के साथ मुगलसराय कस्बा और पड़ाव क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
चंदौली

4:27 PM, Aug 28, 2026
चन्दौली। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के साथ मुगलसराय कस्बा और पड़ाव क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान एसपी ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख चौराहों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा।
जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्जन पर जोर
रक्षाबंधन पर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए एसपी ने पड़ाव चौराहा और मुगलसराय क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया, ताकि लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
Advertisement
महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी
बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। एंटी रोमियो स्क्वाड और सादे कपड़ों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ लावारिस वस्तुओं पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को आमजन से शालीन व्यवहार करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों को भरोसा दिलाया कि रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए चन्दौली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
