चंदौली: पारदर्शिता और विकास की मिसाल बनी धानापुर ब्लाक की ग्राम पंचायत प्रहलादपुर
करीब 2500 की आबादी, 1500 मतदाताओं और 315 परिवारों वाले प्रहलादपुर ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पंचायत को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दो बार जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा मॉडल यूथ ग्राम के रूप में भी पंचायत को दो बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। विकास कार्यों और नवाचारों के लिए पंचायत को जिला तथा केंद्रीय स्तर पर कई पुरस्कार
चंदौली

सार्वजनिक रूप से अंकित विकास कार्यों के विवरण और खर्च के साथ ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह "मिंटू"
7:02 AM, Jun 9, 2026
अपने ग्राम पंचायत के विकास कार्य में खर्च हुए पाई पाई का हिसाब देखते ग्रामीण
धानापुर। विकास खंड धानापुर की ग्राम पंचायत प्रहलादपुर आज पारदर्शिता, सुशासन और ग्रामीण विकास का एक उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरी है। ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह "मिंटू" के नेतृत्व में पंचायत ने विकास कार्यों के साथ-साथ वित्तीय पारदर्शिता को भी प्राथमिकता दी है, जिससे यह पंचायत क्षेत्र ही नहीं बल्कि जनपद और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
ग्राम प्रधान द्वारा वर्ष 2025-26 में केंद्रीय वित्त, पंद्रहवां वित्त, राज्य वित्त पंचम, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन राशि सहित विभिन्न सरकारी मदों से प्राप्त विकास निधियों और उनके व्यय का पूरा विवरण पंचायत भवन की दीवारों पर सार्वजनिक रूप से अंकित कराया गया है। इस पहल से ग्रामीणों को पंचायत की आय-व्यय और विकास कार्यों की जानकारी सहजता से उपलब्ध हो रही है।
करीब 2500 की आबादी, 1500 मतदाताओं और 315 परिवारों वाले प्रहलादपुर ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पंचायत को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दो बार जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा मॉडल यूथ ग्राम के रूप में भी पंचायत को दो बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। विकास कार्यों और नवाचारों के लिए पंचायत को जिला तथा केंद्रीय स्तर पर कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह की कार्यशैली अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनकी सबसे बड़ी पहचान पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही है। पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों तथा खर्च की गई धनराशि का संपूर्ण विवरण सार्वजनिक किए जाने से ग्रामीणों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
Advertisement
प्रधान आशुतोष सिंह ने बताया कि पदभार संभालने के बाद उनका मुख्य उद्देश्य गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक विकास पहुंचाना रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के धन का उपयोग जनता के हित में होना चाहिए और इसकी जानकारी भी लोगों तक पहुंचनी चाहिए। इसी सोच के तहत पंचायत के आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक किया गया है।
