चंदौली: नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, वाराणसी जा रहे थे दोनों
सदर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बुधवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और 10 साल के बेटे की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद दोनों को गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
चंदौली

8:15 AM, May 21, 2026
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बुधवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और 10 साल के बेटे की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद दोनों को गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती धानेच्छा निवासी 42 वर्षीय रमेश गुप्ता अपने 10 वर्षीय पुत्र शिवांश गुप्ता के साथ बुधवार शाम बाइक से वाराणसी के लिए निकले थे। रात करीब 9-10 बजे के बीच चंदौली स्थित यूनियन बैंक के पास नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखकर दोनों को वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में दोनों को लेकर वाराणसी पहुंचे, लेकिन देर रात इलाज के दौरान पिता-पुत्र ने दम तोड़ दिया।
Advertisement
पुलिस का बयान
इस बाबत चंदौली प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी पांडे ने बताया कि सड़क हादसे में इलाज के दौरान पिता-पुत्र की मौत हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में पसरा मातम
एक साथ घर के दो सदस्यों की मौत से गुप्ता परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
