चंदौली डबल मर्डर: जमीन-जायदाद के विवाद में हत्या की आशंका, कानपुर से वाराणसी घूमने निकले दो दोस्तों के शव मिलने से मचा हड़कंप
धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा में दो युवकों के शव मिलने के मामले में उनकी पहचान होने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (34), निवासी मेढ़वा नगवा, थाना धानापुर, चंदौली और सागर त्रिपाठी (36), निवासी यशोदा नगर, नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई है। दोनों गहरे दोस्त थे और करीब तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने की बात कहकर घर से निकले थे। दोनों के शव मिलने के बाद परिजन सदमे
chandauli

11:13 AM, Oct 23, 2026
तीन दिन पहले घर से निकले थे सिद्धार्थ सिंह और सागर त्रिपाठी, धीना के डेढ़गांवा में मिले थे दोनों के शव; पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा में दो युवकों के शव मिलने के मामले में उनकी पहचान होने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (34), निवासी मेढ़वा नगवा, थाना धानापुर, चंदौली और सागर त्रिपाठी (36), निवासी यशोदा नगर, नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई है। दोनों गहरे दोस्त थे और करीब तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने की बात कहकर घर से निकले थे। दोनों के शव मिलने के बाद परिजन सदमे में हैं, वहीं पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जमीन-जायदाद के विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थ सिंह अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और वह अपनी मां के साथ कानपुर में रहते थे। बताया जा रहा है कि उनके परिवार की गांव में जमीन-जायदाद भी है। ऐसे में दोहरे हत्याकांड के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हत्या की वजह का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
वाराणसी घूमने निकले थे दोनों दोस्त
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ और सागर करीब तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने के लिए निकले थे। वाराणसी पहुंचने के बाद सिद्धार्थ अपने गांव मेढ़वा भी गए थे। इसके बाद दोनों डेढ़गांवा तक कैसे पहुंचे और उनके साथ क्या हुआ, यह जांच का अहम विषय बना हुआ है।
गांव से कानपुर लौटते समय हुई वारदात?
Advertisement
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक गांव से कानपुर के लिए निकले थे। रास्ते में उनके साथ घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ दोनों युवकों की गतिविधियों, संपर्कों और उनके आखिरी समय की जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन, मुकदमे की कार्रवाई
दोनों युवकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैं। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों से मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल दो दोस्तों की मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी है। जमीन-जायदाद का विवाद इस वारदात की वजह है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
