चंदौली: रिंग रोड पर डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
चंदौली

4:59 PM, Jun 15, 2026
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक की पहचान तौफीक अहमद (22) पुत्र मोहम्मद यासीन, निवासी मालोखर, दुल्हीपुर, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तौफीक अपने दोस्त के साथ रविवार दोपहर अलीनगर थाना क्षेत्र के महादेवपुर स्थित वाटर पार्क में नहाने गया था। शाम करीब चार बजे दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कुरहना गांव के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे तौफीक के गर्दन में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
Advertisement
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे डायल-112 पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी गई। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बाइक के डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। मामले में यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। तौफीक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
