अवैध खनन माफियाओं पर चकिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
थाना चकिया क्षेत्र में अवैध खनन और उपद्रव करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी ने अवैध असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, स्विफ्ट कार और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
चकिया, चंदौली

9:21 PM, May 15, 2026
चन्दौली। जनपद के थाना चकिया क्षेत्र में अवैध खनन और उपद्रव करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी ने अवैध असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, स्विफ्ट कार और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 मई 2026 को रेंजर चकिया अखिलेश दुबे और थाना चकिया पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि चन्द्रप्रभा रेंज वन क्षेत्र के ग्राम अलीपुर भांगड़ा में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को अवैध खनन करते हुए पकड़ा था।
बताया गया कि जब पुलिस और वन विभाग की टीम जब्त वाहनों को लेकर लौट रही थी, तभी महेन्द्र राव, विजेन्द्र राव और अन्य 80 से 100 ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। आरोप है कि उपद्रवियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम किया तथा राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस मामले में थाना चकिया में विभिन्न धाराओं सहित वन अधिनियम और सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
Advertisement
इसी प्रकरण में वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गणेशपुर बंधी के पास सफेद स्विफ्ट कार संख्या UP67AF6780 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार गाड़ी का गेट खुलते ही आरोपी संदीप कुमार ने पुलिस टीम पर 315 बोर के अवैध असलहे से फायर कर दिया, जो मिस हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संदीप कुमार और परदेशी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार पुत्र रामकिशुन और परदेशी पुत्र महादेव निवासी शिकारगंज थाना चकिया जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 9 मई को महेन्द्र राव के बुलावे पर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने गए थे और भीड़ के साथ मिलकर पुलिस तथा वन विभाग की कार्रवाई का विरोध किया था। उन्होंने जेसीबी और ट्रैक्टरों को पुलिस कब्जे से छुड़ाने में भी सहयोग किया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक मिस कारतूस, स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
