चहनियां बाजार लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
बलुआ थाना पुलिस ने चहनियां बाजार में राहगीर से पिस्तौल के बल पर मोबाइल और नगदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए।
चंदौली

9:20 AM, Jun 7, 2026
चहनियां, चन्दौली। बलुआ थाना पुलिस ने चहनियां बाजार में राहगीर से पिस्तौल के बल पर मोबाइल और नगदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को मिश्रपुरा निवासी गोविन्द मिश्रा चहनियां बाजार गए थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर पिस्तौल सटा दी और जान से मारने की धमकी देकर उनका वीवो मोबाइल फोन तथा 3,200 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए। मामले में 6 जून को बलुआ थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियुक्तों की पहचान कर ली। रविवार सुबह सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपने घर आए हुए हैं और फरार होने की फिराक में हैं। इसके बाद बलुआ पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान संदिग्ध पल्सर मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान के बाएं हाथ में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के दाहिने पैर में लगी, जबकि दूसरे आरोपी आकाश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
Advertisement
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू निवासी अटौली थाना धानापुर तथा आकाश कुमार निवासी महुअर थाना बलुआ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (UP67AP0524) बरामद की है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं।
