केयरटेकरों का भुगतान लंबित मिलने पर सीडीओ सख्त, धानापुर-चकिया-शहाबगंज के सचिवों का वेतन रोकने के निर्देश
चंदौली। विकास कार्यों में लापरवाही और सामुदायिक शौचालयों के संचालन में शिथिलता पर मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं ने मंगलवार को अधिकारियों और सचिवों को कड़ी फटकार लगाई। चहनिया बीडीओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सुधार की चेतावनी दी। वहीं, धानापुर, चकिया और शहाबगंज विकासखंडों में सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों का भुगतान लंबे समय से लंबित मिलने पर संबंधित सचिवों का वेतन रोकने के नि
चंदौली

6:38 PM, Aug 25, 2026
चंदौली
जनपद न्यूज़ टाइम्सचंदौली। विकास कार्यों में लापरवाही और सामुदायिक शौचालयों के संचालन में शिथिलता पर मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं ने मंगलवार को अधिकारियों और सचिवों को कड़ी फटकार लगाई। चहनिया बीडीओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सुधार की चेतावनी दी। वहीं, धानापुर, चकिया और शहाबगंज विकासखंडों में सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों का भुगतान लंबे समय से लंबित मिलने पर संबंधित सचिवों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर विकास भवन सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक सीडीओ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ब्लॉकवार विकास कार्यों, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पेयजल परियोजनाओं और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति बढ़ाने, ऑनलाइन आवेदनों का समय से निस्तारण, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और आरआरसी केंद्रों के संचालन में तेजी लाने के निर्देश दिए। सामुदायिक शौचालयों के संचालन की समीक्षा में कई स्तर पर लापरवाही सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देश दिया कि सामुदायिक शौचालयों की दीवार पर खुलने और बंद होने का समय स्पष्ट रूप से अंकित कराया जाए। शौचालय निर्धारित समय पर खुले रहें और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Advertisement
केयरटेकरों के भुगतान में देरी पर सीडीओ ने कहा कि कर्मचारियों का भुगतान समय से किया जाना चाहिए। धानापुर, चकिया और शहाबगंज में केयरटेकरों का भुगतान लंबे समय से लंबित मिलने पर संबंधित सचिवों का वेतन तब तक रोकने के निर्देश दिए गए, जब तक केयरटेकरों का शत-प्रतिशत भुगतान नहीं हो जाता।
सीडीओ ने सभी सचिवों को रोस्टर के अनुसार निर्धारित स्थल पर सुबह 10 बजे उपस्थित रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में निष्क्रिय पड़े सामुदायिक शौचालयों को तत्काल सक्रिय कराकर उनका शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने ओडीएफ मॉडल गांवों के द्वितीय सत्यापन की शत-प्रतिशत रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कराने के लिए सभी एडीओ पंचायत को निर्देशित किया। बैठक में डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी पंचायत मौजूद रहे।
