कान्हा गोशाला का सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने शुक्रवार को काशीराम आवास पॉकेट-2 के निकट स्थित नवनिर्मित कान्हा गोशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के लिए चारा, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चंदौली

6:15 PM, Jul 3, 2026
112 गोवंशों का रजिस्टर से किया मिलान, चारा-पानी व स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा; बायोगैस प्लांट से आत्मनिर्भर बन रही गोशालाएं
चंदौली। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने शुक्रवार को काशीराम आवास पॉकेट-2 के निकट स्थित नवनिर्मित कान्हा गोशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के लिए चारा, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण में गोशाला में गर्मी से बचाव के लिए लगाए गए कूलर और एयर कूलिंग सिस्टम सुचारु रूप से संचालित मिले। साथ ही गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा और हरा चारा उपलब्ध पाया गया। सीडीओ ने गोशाला में मौजूद 112 गोवंशों (नर एवं मादा) की संख्या का रजिस्टर से मिलान किया और केयरटेकरों से चारा व देखभाल की जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में गोवंशों को चारा और पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। बरसात के मौसम को देखते हुए गोशालाओं में जलभराव रोकने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
Advertisement
मुख्य विकास अधिकारी ने पशु चिकित्साधिकारी को नियमित रूप से गोशालाओं का निरीक्षण कर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि गोवंशों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित सचिव एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत चंदौली को नियमित निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि कान्हा गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित कर ईंधन और जनरेटर के माध्यम से बिजली की व्यवस्था की गई है, जिससे यह गोशाला आत्मनिर्भर बन रही है। इसी मॉडल को जिले के अन्य गो आश्रय स्थलों पर भी लागू करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने नियामताबाद ब्लॉक के कठौड़ी स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां बायोगैस प्लांट की मरम्मत का कार्य प्रगति पर मिला। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि गो संरक्षण केंद्र और समीप स्थित विद्यालय के मिड-डे मील के लिए बायोगैस से ईंधन उपलब्ध कराया जा सके।
