पांच वर्षीय बालक की मौत का मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट की पुष्टि, फुफेरे भाई से पूछताछ जारी
थाना क्षेत्र के करजरा गांव में पांच वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है। रिपोर्ट में बालक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के फुफेरे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
धीना, चंदौली

1:05 PM, Jun 1, 2026
धीना (चंदौली)। थाना क्षेत्र के करजरा गांव में पांच वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है। रिपोर्ट में बालक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के फुफेरे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार करजरा गांव निवासी कृष्णा सिंह का पांच वर्षीय पुत्र कार्तिक सिंह रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। लगभग दो घंटे बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान कार्तिक विद्यालय परिसर में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल घर ले आए, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां कंचन देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
Advertisement
मृतक के पिता कृष्णा सिंह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और घटना के समय घर से बाहर थे। परिवार में मां कंचन देवी, दो बेटियां नीति सिंह (14 वर्ष), रोशनी सिंह (12 वर्ष) और पुत्र कार्तिक सिंह थे।
घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। थानाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिलने की पुष्टि हुई है। मामले में संदेह के आधार पर मृतक के फुफेरे भाई से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
