भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, आठ गिरफ्तार
अलीनगर (चंदौली)। जनपद में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक भैंस, पिकअप वाहन, छह मोबाइल फोन और 23,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चंदौली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक मवेशी चोरी की घटना
चंदौली

4:00 PM, Sep 9, 2026
पिकअप से चोरी की भैंस बरामद, छह मोबाइल और 23,700 रुपये नकद भी मिले; चंदौली समेत कई थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं कबूलीं
अलीनगर (चंदौली)। जनपद में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक भैंस, पिकअप वाहन, छह मोबाइल फोन और 23,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चंदौली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक मवेशी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से जिले में भैंस चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस तथा सर्विलांस टीम गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
रेलवे ब्रिज के नीचे भैंस लादते समय दबोचा
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ भैंस चोर रेवसा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे पिकअप वाहन में चोरी की भैंस लाद रहे हैं। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।
पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर भैंस लाद रहे आरोपियों ने पिकअप चालक को वाहन पुलिसकर्मियों की ओर चढ़ाने के लिए कहा। चालक ने वाहन तेजी से पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ाया, लेकिन पिकअप अनियंत्रित होकर ब्रिज के पिलर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने चालक समेत सभी आठ आरोपियों को पकड़ लिया।
बिहार ले जाकर बेचते थे मवेशी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांवों में दिन और रात के समय रेकी करते थे। सुनसान और अंधेरी जगहों पर बंधे मवेशियों को निशाना बनाकर रात में चोरी की जाती थी। इसके बाद पिकअप के माध्यम से मवेशियों को बिहार ले जाकर कम कीमत में बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में पूर्व में की गई मवेशी चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस अब इन घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
Advertisement
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मो. याकूब निवासी बेलवरिया, जैतपुरा, वाराणसी, विजय चौहान उर्फ रिंकू निवासी दौलतपुर, सकलडीहा, आनन्द मौर्य निवासी सलालपुर, सारनाथ, वाराणसी, ओम प्रकाश नट निवासी बेलहरी, मोहनिया, कैमूर बिहार, सटरु हुसैन निवासी फगुइया, चंदौली, नितेश कुमार निवासी बेलहरी, मोहनिया, कैमूर, अखिलेश नट निवासी सोनपा, राजपुर, बक्सर और विनोद नट निवासी बेलहरी, मोहनिया, कैमूर बिहार शामिल हैं।
ये सामान हुआ बरामद
चोरी की एक भैंस
पिकअप वाहन संख्या UP61T3510
23,700 रुपये नकद
छह मोबाइल फोन
पुलिस ने मामले में धारा 109(1)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं और साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
