'स्कूल चलो अभियान' को जनआंदोलन बना रहे BSA सचिन कुमार, घर-घर पहुंचकर बच्चों के नामांकन का दिया निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने अभियान की कमान स्वयं संभालते हुए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और शिक्षामित्रों को घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चंदौली

5:36 PM, Jun 27, 2026
सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, बेहतर सुविधाएं और मुफ्त शिक्षा से बढ़ेगा नामांकन; कोई भी बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित
चंदौली। जनपद में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही 'स्कूल चलो अभियान' (प्रवेशोत्सव) को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार के नेतृत्व में शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने अभियान की कमान स्वयं संभालते हुए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और शिक्षामित्रों को घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घर-घर सर्वे से खोजे जा रहे आउट ऑफ स्कूल बच्चे
शिक्षा विभाग की टीमें ईंट-भट्ठों, मलिन बस्तियों, झुग्गी-झोपड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ऐसे बच्चों की पहचान कर रही हैं जो अभी तक स्कूल नहीं पहुंच पाए हैं। अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों की सुविधाओं और शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
बच्चों का हो रहा विशेष स्वागत
विद्यालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नए छात्रों का रोली-चंदन का तिलक लगाकर, फूल बरसाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया जा रहा है, ताकि बच्चों में स्कूल के प्रति उत्साह और अपनापन बढ़े।
Advertisement
सरकारी स्कूल बनेंगे कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर
बीएसए सचिन कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में सीएसआर (CSR) फंड एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से सरकारी विद्यालयों को आधुनिक बनाया जा रहा है। स्कूलों में स्मार्ट क्लास, सुंदर कक्षाएं, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर, खेल सामग्री और ज्ञानवर्धक दीवार चित्र विकसित किए जा रहे हैं।
