बलुआ थाना व साइबर सेल की बड़ी सफलता, ₹2.76 लाख की साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
थाना बलुआ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने विदेशी निवासी के बैंक खाते से फर्जी यूपीआई आईडी बनाकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुगलसराय के समीप सकलडीहा मार्ग स्थित टैक्सी स्टैंड से दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पटेल (24 वर्ष) निवासी रायपुर कला, थाना सुजानगंज, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।
चहनिया, चंदौली

1:31 PM, Jun 6, 2026
सुधींद्र पाण्डेय
जनपद न्यूज़ टाइम्सचहनियां, चंदौली। थाना बलुआ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने विदेशी निवासी के बैंक खाते से फर्जी यूपीआई आईडी बनाकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुगलसराय के समीप सकलडीहा मार्ग स्थित टैक्सी स्टैंड से दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पटेल (24 वर्ष) निवासी रायपुर कला, थाना सुजानगंज, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी यूपीआई आईडी बनाकर एक खाते से कुल ₹2,76,362.50 की साइबर ठगी की थी। पीड़ित दिनेश निषाद वर्ष 2021 से दुबई में रह रहे थे। 18 अप्रैल 2026 को भारत लौटने के बाद जब वह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रामगढ़ शाखा में केवाईसी अपडेट कराने पहुंचे, तब उन्हें जानकारी हुई कि उनके खाते से विभिन्न तिथियों में लाखों रुपये की निकासी की जा चुकी है।
जांच में सामने आया कि अज्ञात मोबाइल नंबर के माध्यम से फर्जी यूपीआई आईडी तैयार कर खाते से धनराशि ट्रांसफर की गई थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना बलुआ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह और साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
Advertisement
पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल पटेल ने स्वीकार किया कि उसने नवंबर 2025 में अपने नाम से सिम कार्ड प्राप्त किया था। उसी सिम के माध्यम से फोनपे पर कूटरचित तरीके से यूपीआई आईडी एवं पिन बनाकर विभिन्न खातों से धनराशि ट्रांसफर की। आरोपी ने बताया कि पहले उसने एक-एक रुपये भेजकर प्रक्रिया की जांच की और उसके बाद यूनियन बैंक एवं यूको बैंक के खातों से करीब ₹2.62 लाख की रकम निकाल ली।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि ठगी से प्राप्त धनराशि से उसने अपने मकान का निर्माण कराया तथा घरेलू उपयोग के सामान खरीदे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना बलुआ के थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग, विवेचक निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श सहित थाना बलुआ एवं साइबर सेल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
