बेसिक शिक्षकों और रसोइयों को बड़ी राहत, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, कर्मचारियों और पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब विभाग के अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कर्मियों और पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को सरकारी अस्पतालों के साथ संबद्ध निजी अस्पतालों में भी प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल सकेगा। हालांकि, जो कर्मचारी पहले से आयुष्मान भारत या क
चंदौली

6:06 PM, Aug 23, 2026
रसोइयों का मानदेय दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह, ड्रेस आदि के लिए अब एक हजार रुपये मिलेंगे
चंदौली। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, कर्मचारियों और पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब विभाग के अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कर्मियों और पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को सरकारी अस्पतालों के साथ संबद्ध निजी अस्पतालों में भी प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल सकेगा। हालांकि, जो कर्मचारी पहले से आयुष्मान भारत या किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजना से आच्छादित हैं, उन्हें इस योजना का दोहरा लाभ नहीं मिलेगा।
रविवार को चंदौली कलेक्ट्रेट में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने रसोइयों को डिजिटल हेल्थ कार्ड वितरित किए। इस दौरान रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की जानकारी दी गई। ड्रेस, यूनिफॉर्म, एप्रन, ग्लव्स और कैप आदि के लिए मिलने वाली राशि भी 500 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी गई है।
जिले में 1267 विद्यालयों में 3851 रसोइये
Advertisement
चंदौली जिले में पीएम पोषण योजना के तहत 1267 विद्यालय आच्छादित हैं। इनमें कुल 3851 रसोइये कार्यरत हैं। कार्यक्रम में बताया गया कि रसोइयों का मानदेय वर्ष 2010 में एक हजार रुपये प्रतिमाह से शुरू हुआ था। मार्च 2019 में इसे बढ़ाकर 1500 रुपये और अप्रैल 2022 में दो हजार रुपये किया गया। अब इसे बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। विद्यालयों की रसोई संभालने वाली रसोइया बहनें बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मानदेय में बढ़ोतरी और डिजिटल हेल्थ कार्ड उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। हेल्थ कार्ड के माध्यम से उन्हें बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कर्मचारी हित में लिए गए निर्णयों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन को देखा और सुना।
