क्षतिग्रस्त भूसी मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, आवागमन में बढ़ी परेशानी
शहाबगंज (चंदौली)। शहाबगंज से भूसी जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन साइकिल और मोटरसाइकिल सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
शहाबगंज, चंदौली

1:10 PM, Sep 6, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्सशहाबगंज (चंदौली)। शहाबगंज से भूसी जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन साइकिल और मोटरसाइकिल सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को ब्लॉक मुख्यालय शहाबगंज से जोड़ता है। इसके अलावा ग्रामीणों के लिए विद्यालय, बैंक, अस्पताल सहित अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने का भी यह प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क पर जलभराव होने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
Advertisement
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। जगह-जगह सड़क की गिट्टियां उखड़ चुकी हैं और बड़े गड्ढों के कारण चारपहिया वाहनों को भी गुजरने में परेशानी होती है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग की बदहाली के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण राजेन्द्र सिंह, त्रिभुवन, राजनाथ, रमेश और अमरजीत ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मार्ग का जल्द निरीक्षण कराकर मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।
