पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 58 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार
चन्दौली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब से बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही करीब 58 लाख रुपये मूल्य की 663 पेटी (5898.600 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक से शराब की खेप बरामद कर गुजरात के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
चंदौली

4:01 PM, Jun 26, 2026
चन्दौली। चन्दौली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब से बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही करीब 58 लाख रुपये मूल्य की 663 पेटी (5898.600 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक से शराब की खेप बरामद कर गुजरात के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में नवीन मंडी समिति गेट के पास वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक JH16K6822 को रोका गया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक और सहचालक ने ट्रक में लकड़ी का बुरादा लदा होने की बात कही, लेकिन गहन जांच में ट्रक के भीतर लोहे का विशेष गुप्त केबिन मिला, जिसमें विभिन्न ब्रांड की 663 पेटी अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस के अनुसार, तस्करों ने शराब की गंध और आवाज बाहर न जाने देने के लिए गुप्त केबिन के चारों ओर लकड़ी का बुरादा भर रखा था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को संदेह न हो।
Advertisement
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हितेश देसाई (42 वर्ष) और उमेश परमार (26 वर्ष), निवासी अहमदाबाद (गुजरात), के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब की खेप पंजाब से बिहार पहुंचाई जा रही थी, जहां ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री की जानी थी। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये तथा बिक्री पर 2 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
इस मामले में थाना कोतवाली चन्दौली पर मु.अ.सं. 344/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
