चंदौली पुलिस का बड़ा खुलासा: क्रेटा कार और डीसीएम से 90 किलो गांजा बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह के 4 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर वाराणसी की ओर लाई जा रही है, जबकि आगे-आगे एक क्रेटा कार पायलटिंग कर रही है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित पचपेड़वा अंडरपास के पास घेराबंदी की।
अलीनगर, चंदौली

12:21 PM, Jul 12, 2026
ओडिशा से राजस्थान और दिल्ली भेजी जा रही थी गांजे की खेप, बरामद माल की कीमत करीब 22.50 लाख रुपये
चंदौली। जनपद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना अलीनगर पुलिस ने रविवार को पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास घेराबंदी कर एक क्रेटा कार और एक डीसीएम मिनी ट्रक से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस दौरान चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर वाराणसी की ओर लाई जा रही है, जबकि आगे-आगे एक क्रेटा कार पायलटिंग कर रही है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित पचपेड़वा अंडरपास के पास घेराबंदी की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध क्रेटा कार और डीसीएम ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने लगे। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखा गया 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल बरामद गांजे का वजन 90 किलोग्राम पाया गया।
Advertisement
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे वाहन मालिक के निर्देश पर ओडिशा से गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली ले जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे को अलग-अलग बंडलों में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपितों में राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी काशीराम, बिहार के अरवल निवासी मनोज कुमार, दिल्ली के रोहिणी निवासी ज्ञानेन्द्र कुमार तथा ओडिशा के कंधमाल निवासी सुशांत कुमार दिग्गल शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। इस मामले में थाना अलीनगर पर मु.अ.सं. 439/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
