अंतरमहाविद्यालयीय रस्साकशी प्रतियोगिता में बलदेव पीजी कॉलेज का दबदबा, महिला और पुरुष दोनों वर्गों में बना विजेता
धानापुर (चंदौली)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध अंतरमहाविद्यालयीय महिला एवं पुरुष रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन धानापुर स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, आपसी तालमेल और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच श्री बलदेव पीजी कॉलेज वारा
धानापुर, चंदौली

5:05 PM, Nov 18, 2026
धानापुर (चंदौली)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध अंतरमहाविद्यालयीय महिला एवं पुरुष रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन धानापुर स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, आपसी तालमेल और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच श्री बलदेव पीजी कॉलेज वाराणसी की टीम ने महिला और पुरुष दोनों वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. पीतांबर दास ने हवा में गुब्बारे उड़ाकर किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में हरिश्चंद्र महाविद्यालय वाराणसी, डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज, महादेव स्नातकोत्तर विद्यालय, श्री बलदेव पीजी कॉलेज बड़ा लालपुर, अग्रसेन पीजी कॉलेज वाराणसी तथा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर सहित विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में श्री बलदेव पीजी कॉलेज वाराणसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धानापुर की टीम उपविजेता रही। वहीं महिला वर्ग में भी श्री बलदेव पीजी कॉलेज वाराणसी की टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अग्रसेन पीजी कॉलेज वाराणसी की टीम उपविजेता रही।
मुख्य अतिथि प्रो. पीतांबर दास ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। रस्साकशी जैसे खेलों में व्यक्तिगत ताकत के साथ पूरी टीम का सामंजस्य और एकजुटता महत्वपूर्ण होती है।
Advertisement
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। रस्साकशी के रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक डॉ. श्यामलाल यादव, चयनकर्ता प्रो. आनंद प्रकाश, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि राधेश्याम राय, प्रो. रणधीर सिंह एवं महाविद्यालय के प्राचार्य ध्रुवभूषण सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. नौशाद अहमद रहे। कार्यक्रम का संचालन भी डॉ. नौशाद अहमद ने किया।
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की।
