अज्ञात स्कॉर्पियो के धक्के से पलटा ऑटो, घायल चालक की ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
धानापुर। धानापुर-अवही मार्ग पर रनपुर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को स्कॉर्पियो की टक्कर से पलटे ऑटो के गंभीर रूप से घायल चालक सरफुद्दीन खान (55) की वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धानापुर, चंदौली

5:46 PM, Nov 14, 2026
धानापुर। धानापुर-अवही मार्ग पर रनपुर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को स्कॉर्पियो की टक्कर से पलटे ऑटो के गंभीर रूप से घायल चालक सरफुद्दीन खान (55) की वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, धानापुर कस्बा निवासी सरफुद्दीन खान शुक्रवार को ऑटो लेकर धानापुर-अवही मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान रनपुर पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक सरफुद्दीन समेत ऑटो में सवार पूजा (35), उनकी बेटियां पायल (7) और पलक (2) तथा जमानिया निवासी कन्हैया गुप्ता (30) और सुनीता गुप्ता (34) घायल हो गए थे।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया गया। सरफुद्दीन के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों का उपचार जारी है। कन्हैया गुप्ता और सुनीता गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
Advertisement
परिजनों के मुताबिक, सरफुद्दीन के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। उन्होंने तीन बेटियों और एक बेटे की शादी कर दी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। ऑटो चलाकर मिलने वाली आमदनी से ही वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए वह दिन-रात मेहनत करते थे, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देदी है।
सरफुद्दीन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आसपास के इलाके में भी शोक की लहर है। प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पता किया जा रहा है जांच कर कार्यवाही की जाएगी ।
