गोबर फेंकने के विवाद में लाठी-डंडे से हमला, हत्या के प्रयास में दो गिरफ्तार
धानापुर। थाना क्षेत्र के किशुनपुरा गांव में जमीन पर गोबर फेंकने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में धानापुर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की है।
चंदौली

2:58 PM, Aug 31, 2026
धानापुर। थाना क्षेत्र के किशुनपुरा गांव में जमीन पर गोबर फेंकने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में धानापुर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को किशुनपुरा गांव निवासी घनश्याम, डिम्पल और प्रिया यादव अपनी जमीन पर गोबर फेंकने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के रामनगीना यादव, आशुतोष, अनिल और प्रियांशु से विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शिवमूरत यादव के सिर पर भी लाठी से वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले में शिवमूरत यादव की तहरीर पर धानापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर निदिलपुर पुलिया के पास से रामनगीना यादव (49) और उसके पुत्र आशुतोष यादव (25), निवासी किशुनपुरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी बरामद की गई।
Advertisement
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रास्ते पर गोबर फेंकने को लेकर हुए विवाद में उन्होंने शिवमूरत यादव के सिर पर लाठी से हमला किया था और इसके बाद मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरिशंकर सिंह, उपनिरीक्षक विनोद यादव, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार मौर्या और कांस्टेबल रवि कुमार सिंह की टीम ने की।
