पुरानी पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर अटेवा ने निकाली तिरंगा यात्रा
चंदौली। अटेवा एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के निर्देश पर शुक्रवार को अटेवा चंदौली की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों शिक्षक, कर्मचारी, पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
चंदौली

5:29 PM, Aug 21, 2026

तिरंगा यात्रा धरना स्थल से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। इस दौरान शिक्षक-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने और सरकारी संस्थानों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
Advertisement
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, शिक्षक भर्ती और अन्य सेवाओं में टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा सरकारी संस्थानों के निजीकरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली समेत अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। अटेवा का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना और उनके भविष्य को सुरक्षित करना है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से सरकार तक कर्मचारियों की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
यात्रा में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर मांगों के समर्थन में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में अटेवा के जिला महामंत्री गिरिजेश कुमार दादा ने यात्रा में शामिल सभी शिक्षक, कर्मचारियों, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों में भी इसी तरह एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।