टीकाकरण का भुगतान नहीं मिलने से पशु मित्रों में रोष, लंबे समय से लंबित है मेहनताना
धानापुर (चंदौली)। कस्बा स्थित पशु अस्पताल से जुड़े पशु मित्रों को पिछले वर्ष कराए गए पशु टीकाकरण कार्य का भुगतान अब तक नहीं मिलने से उनमें रोष है। लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण पशु मित्रों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि मेहनत के बावजूद समय से भुगतान नहीं मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
धानापुर, चंदौली

6:22 PM, Sep 10, 2026
धानापुर (चंदौली)। कस्बा स्थित पशु अस्पताल से जुड़े पशु मित्रों को पिछले वर्ष कराए गए पशु टीकाकरण कार्य का भुगतान अब तक नहीं मिलने से उनमें रोष है। लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण पशु मित्रों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि मेहनत के बावजूद समय से भुगतान नहीं मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
बताया जाता है कि न्याय पंचायत स्तर पर पशु मित्रों की तैनाती की जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों तक पशु चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। पशु मित्रों द्वारा पशुओं में सीमेन चढ़ाने, विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण कराने, प्राथमिक उपचार सहित विभाग से जुड़े अन्य कार्य किए जाते हैं। इसके बावजूद उन्हें कोई नियमित मानदेय नहीं मिलता है।
पशु मित्र शैलेन्द्र प्रताप सिंह और रामविलास ने बताया कि टीकाकरण कार्य के बदले मिलने वाला भुगतान ही उनकी आय का प्रमुख साधन है। पिछले वर्ष खुरपका-मुंहपका सहित अन्य संक्रामक बीमारियों से पशुओं को बचाने के लिए बड़े स्तर पर टीकाकरण कराया गया था। उन्होंने भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण कराया, लेकिन कार्य पूरा होने के काफी समय बाद भी उसका भुगतान नहीं हो सका है।
पशु मित्रों का कहना है कि टीकाकरण के दौरान उन्हें गांवों तक पहुंचने, समय देने और पशुपालकों से संपर्क करने में काफी मेहनत करनी पड़ती है। कई बार दूर-दराज के गांवों में जाकर भी विभागीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया जाता है। इसके बाद भी भुगतान लंबित रहने से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है।
Advertisement
उन्होंने बताया कि भुगतान की मांग को लेकर विभागीय अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं होने से पशु मित्रों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं कराया गया तो आर्थिक संकट और गहरा सकता है।
इस संबंध में पशु चिकित्साधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि लंबित भुगतान के संबंध में विभागीय स्तर पर पत्राचार किया गया है। भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पशु मित्रों के लंबित भुगतान का निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।
