अलीनगर पुलिस ने 60 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को पकड़ा
चंदौली। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार भी जब्त की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
चन्दौली

2:38 PM, Oct 31, 2026
अर्टिगा कार में स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखा था गांजा, कीमत करीब 20 लाख रुपये
पुलिस टीम को टक्कर मारकर भागने की कोशिश, बाबतपुर में घेराबंदी कर तीनों को दबोचा
चंदौली। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार भी जब्त की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसओजी-सर्विलांस टीम और अलीनगर पुलिस हमीदपुर पटनवा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर की ओर से आ रही सफेद रंग की अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और तेजी से भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बाबतपुर क्षेत्र में वाहन को घेरकर रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कार सवार आरोपियों ने पुलिस की गाड़ियों में टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार समेत तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखा था गांजा
वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे गए 60 बंडल बरामद हुए। इनमें कुल 60 किलोग्राम गांजा मिला। इसके अलावा आरोपियों के पास से एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 300 तथा 550 रुपये नकद बरामद किए गए।
Advertisement
ओडिशा से लाकर करते थे तस्करी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए लाने और सुल्तानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर ऊंचे दामों पर बेचने की बात बताई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक सिंह निवासी बहोरपुर, दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर, अवधेश निवासी सिरसिया, दुबौलिया और नौशाद निवासी संग्रामपुर, छावनी, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। इनकी उम्र क्रमशः करीब 25, 20 और 24 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक सिंह के खिलाफ सुल्तानपुर जिले के करौंदीकलां थाने में पूर्व के चार आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 667/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 और बीएनएस की धारा 109(1) में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा की टीम शामिल रही।
