विकास भवन के समीप मिला अधिवक्ता का शव, इलाके में मची सनसनी
चंदौली। सदर विकासखंड के बिछिया गांव स्थित विकास भवन के समीप शनिवार को एक अधिवक्ता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शहाबगंज क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी मिथिलेश चंद्र गौतम (40) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
चन्दौली

5:57 PM, Oct 31, 2026
कोतवाली पहुंचे अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन
चंदौली। सदर विकासखंड के बिछिया गांव स्थित विकास भवन के समीप शनिवार को एक अधिवक्ता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शहाबगंज क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी मिथिलेश चंद्र गौतम (40) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता मिथिलेश चंद्र गौतम बिछिया गांव स्थित अपनी ससुराल में रहते थे और सदर तहसील में वकालत करते थे। शनिवार को विकास भवन के समीप उनका शव मिलने की सूचना से अधिवक्ताओं में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता सदर कोतवाली पहुंच गए। वहीं, कोतवाली परिसर में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनकी चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
निष्पक्ष जांच की मांग
Advertisement
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अधिवक्ता की मौत के कारणों का पता लगाने की मांग की। डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार के पूर्व महामंत्री जन्मेजय सिंह ने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस दौरान सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री आशुतोष कुमार मिश्रा, पूर्व महामंत्री संजीव श्रीवास्तव, अरुण कुमार मिश्रा, हिटलर सिंह, राकेश रतन तिवारी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
