छठ घाटों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
चंदौली। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने नगर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुगलसराय थाना क्षेत्र के दामोदरदास पोखरा और अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसरोवर पोखरा घाट पर सुरक्षा इंतजाम देखे। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने
चंदौली

7:09 AM, Nov 16, 2026
चंदौली। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने नगर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुगलसराय थाना क्षेत्र के दामोदरदास पोखरा और अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसरोवर पोखरा घाट पर सुरक्षा इंतजाम देखे। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा और कच्चे घाटों पर फिसलन रोकने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। जल में किसी भी तरह की अनहोनी रोकने के लिए एनडीआरएफ, पीएसी की फ्लड कंपनी, प्रशिक्षित गोताखोर और नावों की तैनाती की गई है। प्रमुख घाटों पर चिकित्सा शिविर, खोया-पाया केंद्र और अनाउंसमेंट सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं। ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।
महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों और वर्दी में पुलिसकर्मियों की पेट्रोलिंग लगाई गई है। पॉकेटमारी, चेन और मोबाइल छिनैती जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति की महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए रात से ही श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल की ड्यूटी रात 12 बजे से लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
Advertisement
घाटों के निरीक्षण के बाद एडीजी नवीन अरोरा ने मुगलसराय कस्बा क्षेत्र और डीडीयू जंक्शन पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी देखी। उन्होंने आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी डीडीयू नगर अरुण सिंह, अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह , आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अनीता कुमारी, जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह,मुगलसराय थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रविवार शाम संध्या अर्घ्य से पहले जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और गोताखोरों की तैनाती की स्थिति देखी। डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो। महिलाओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर सादे वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा। साथ ही भीड़ नियंत्रण और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, मुगलसराय के उपजिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद डीडीयू नगर के अधिशासी अधिकारी समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
