नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की हुई समीक्षा
चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में अधिकारियों और सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेटों की अहम ब्रीफिंग हुई। इसमें रूट मैप, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और यातायात संचालन की समीक्षा की गई।
chandauli

6:09 PM, Oct 21, 2026
22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो, पड़ाव क्षेत्र में पार्किंग स्थलों की व्यवस्था; राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर प्रतिबंध
चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में अधिकारियों और सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेटों की अहम ब्रीफिंग हुई। इसमें रूट मैप, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और यातायात संचालन की समीक्षा की गई।
डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की मौजूदगी में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एयर शो देखने आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने, दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर रोक
प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्र के वाहन चालकों से इन दोनों पुलों का प्रयोग कर वाराणसी जाने से बचने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
पड़ाव में यहां खड़े होंगे वाहन
बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से एयर शो देखने आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड से पंचपेड़वा पहुंचेंगे। वहां से अलीनगर होते हुए निर्धारित मार्ग से पड़ाव क्षेत्र में पहुंचकर वाहन खड़े करेंगे। चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे स्थित मैदान निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दोपहिया वाहनों के लिए एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को बहादुरपुर रोड स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा। सभी वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने।
Advertisement
पार्किंग भरने पर लंका मैदान भेजे जाएंगे वाहन
पड़ाव क्षेत्र के पार्किंग स्थल भर जाने पर बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को वाराणसी के रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार निर्धारित मार्ग का पालन करना होगा। पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति के आधार पर पुलिस आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी।
दूसरे जिलों को जाने वाले वाहन अपनाएं वैकल्पिक मार्ग
वाराणसी के बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और अन्य जनपदों की ओर जाने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें एयर शो में शामिल नहीं होना है, वे एनएच-19 और रिंग रोड का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंचें। ऐसे वाहन चालकों को पड़ाव क्षेत्र और प्रतिबंधित पुलों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। वाहन चालक बैरियर, संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। साथ ही एंबुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, यातायात प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
