बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे बिजली-पानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चंदौली। सकलडीहा तहसील के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बुधवार को रामगढ़ के मल्टीपरपज हॉल में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न
रामगढ़, चंदौली

9:38 PM, Sep 9, 2026
सुधींद्र पाण्डेय
जनपद न्यूज़ टाइम्स
डीएम-एसपी ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, मेले में झूले लगाने पर पूरी तरह रोक
चंदौली। सकलडीहा तहसील के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बुधवार को रामगढ़ के मल्टीपरपज हॉल में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मेले की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, निरंतर सफाई और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में एंबुलेंस, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र सक्रिय रखने की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन भी मौके पर तैनात रहेंगे।
Advertisement
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिस बल की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, वर्तमान मौसम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने मेले में किसी भी प्रकार के झूले का संचालन नहीं करने का स्पष्ट निर्देश दिया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पारितोष मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, विद्युत विभाग तथा नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अभियंता समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
