शहीद पार्क में प्रोटोकॉल के तहत नहीं पहुंचे एडीएम, समिति के लोगों ने जताई नाराजगी
ब्लाक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि शहीद पार्क में प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया जाता है। इसके लिए उपजिलाधिकारी अथवा किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पहुंचने की परंपरा रही है। इस बार निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत एडीएम न्यायिक को ध्वजारोहण करना था, लेकिन उनके नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यह शहीदों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जु
धानापुर, चंदौली

4:37 PM, Aug 15, 2026
अधिकारियों के पहुंचने और माफी मांगने के बाद शांत हुआ मामला, घंटों बैठे रहे लोग
धानापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को शहीद पार्क में निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत एडीएम न्यायिक के ध्वजारोहण के लिए नहीं पहुंचने पर लोगों में नाराजगी फैल गई। निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे तक एडीएम के नहीं पहुंचने पर ब्लाक प्रमुख अजय सिंह और शहीद पार्क समिति के अध्यक्ष नरेंद्रदेव शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद समिति के सदस्यों और मौजूद लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए एडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
ब्लाक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि शहीद पार्क में प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया जाता है। इसके लिए उपजिलाधिकारी अथवा किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पहुंचने की परंपरा रही है। इस बार निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत एडीएम न्यायिक को ध्वजारोहण करना था, लेकिन उनके नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यह शहीदों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा मामला है।
Advertisement
मामले को लेकर ब्लाक प्रमुख ने जिलाधिकारी सहित अन्य उच्चाधिकारियों से वार्ता कर एडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। जानकारी मिलने पर एडीएम रतन वर्मा, सकलडीहा उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार अनुराग सिंह, सहित अन्य अधिकारी शहीद पार्क पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
एडीएम ने मौके पर लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम की जानकारी नहीं मिल सकी थी, जिसके कारण वह समय पर नहीं पहुंच पाए। उन्होंने इसके लिए क्षमा प्रार्थी होने की बात कही। अधिकारियों के आश्वासन और एडीएम के माफी मांगने के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
इस दौरान शहीद पार्क समिति के अध्यक्ष नरेंद्रदेव शर्मा, अधिवक्ता गोविंद उपाध्याय, कमलाकांत मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, राधा संघ अध्यक्ष राजेश सिंह, शाहआलम खान, डॉ. पीसी सिंह, सुजीत जायसवाल, हाजी बिस्मिल्लाह, इमरान खान, कानूनगो गयासुद्दीन, लेखपाल अरुण अवस्थी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
