इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर की छवि बनाकर नाबालिग से ₹6.27 लाख की रंगदारी वसूलने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की मां ने थाना धानापुर में तहरीर देकर बताया कि कस्बा धानापुर निवासी आयुष कुमार मौर्य उनके नाबालिग पुत्र को फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से लगातार धमकाता था। आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर "रंगदारी हमारे खून में है", "प्रशासन हमें क्या करेगा", "जब हम खुद प्रशासन हैं" जैसे आपत्तिजनक संदेश लिख रखे थे, जिससे भय का वातावरण बनता था।
धानापुर, चंदौली

5:05 PM, Jul 18, 2026
धानापुर (चंदौली)। चंदौली पुलिस ने "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग को डराकर लाखों रुपये वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर "Mr. Rifle Guru-7171" नाम से आईडी बनाकर दहशत का माहौल बनाया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की मां ने थाना धानापुर में तहरीर देकर बताया कि कस्बा धानापुर निवासी आयुष कुमार मौर्य उनके नाबालिग पुत्र को फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से लगातार धमकाता था। आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर "रंगदारी हमारे खून में है", "प्रशासन हमें क्या करेगा", "जब हम खुद प्रशासन हैं" जैसे आपत्तिजनक संदेश लिख रखे थे, जिससे भय का वातावरण बनता था।
आरोप है कि आयुष ने नाबालिग और उसके परिवार को जान से मारने तथा जेल भिजवाने की धमकी देकर करीब ₹6 लाख नकद और ₹27,500 ऑनलाइन (PhonePe) के माध्यम से अवैध रूप से वसूल लिए। मामले में थाना धानापुर पर मु0अ0सं0 125/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
Advertisement
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में थाना धानापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को आरोपी आयुष कुमार पुत्र गोपाल कुमार मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
पूछताछ में किया खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने "Mr. Rifle Guru-7171" नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी और अपने शौक पूरे करने तथा चार पहिया वाहन खरीदने के उद्देश्य से नाबालिग को डराकर उससे रुपये वसूले। आरोपी ने बताया कि वसूली गई रकम उसने अपने निजी शौक और घूमने-फिरने में खर्च कर दी। पूछताछ में उसने अपने कृत्य पर खेद भी व्यक्त किया।