प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
कंदवा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट और संपादित (एडिट) तस्वीर साझा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कंदवा, चंदौली

4:12 PM, Aug 2, 2026
चंदौली। कंदवा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट और संपादित (एडिट) तस्वीर साझा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को उसके घर से हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना कंदवा में दर्ज मुकदमा संख्या 62/2026 के तहत आईटी एक्ट की धारा 66 में कार्रवाई की गई है। आरोप है कि सत्येंद्र प्रसाद पुत्र रामवचन बिंद उर्फ भगवान (24 वर्ष) निवासी ग्राम खुरहट परशुरामपुर, थाना कंदवा ने अपनी फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और उनकी फोटो को अपमानजनक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया।
Advertisement
पुलिस ने बताया कि थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उसे बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत निरुद्ध करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना कंदवा में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल भरत सिंह तथा कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल रहे।
