नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर ठगी का आरोप, दंपती गिरफ्तार
इलिया। नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों से धन उगाही करने के मामले में इलिया पुलिस ने वांछित दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को समदा पुलिया के पास से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इलिया, चंदौली

5:14 PM, Aug 10, 2026
इलिया। नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों से धन उगाही करने के मामले में इलिया पुलिस ने वांछित दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को समदा पुलिया के पास से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना इलिया में दर्ज मुकदमा संख्या 72/2026 में दोनों वांछित चल रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आलोक कुमार श्रीवास्तव (45) निवासी भड़ंसर, थाना बिरनो, जनपद गाजीपुर और उनकी पत्नी अनुभूति श्रीवास्तव (43) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आलोक कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ गाजीपुर के बिरनो थाने में वर्ष 2011 का धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। इसके अलावा चंदौली के बबुरी, मुगलसराय, सैयदराजा और इलिया थानों में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
Advertisement
वहीं, अनुभूति श्रीवास्तव के खिलाफ भी बबुरी, मुगलसराय, सैयदराजा और इलिया थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल अभिषेक यादव और महिला कांस्टेबल प्रिया यादव शामिल रहे।