फर्जी दस्तावेज बनाकर खुद को RAW एजेंट बताने वाला युवक गिरफ्तार, मोबाइल व कूट रचित कागजात बरामद
पूछताछ में युवक की पहचान रूपेश उपाध्याय (22 वर्ष) पुत्र अम्बरीष उपाध्याय, निवासी हेतमपुर थाना धानापुर जनपद चंदौली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक निमंत्रण पत्र, दो कूट रचित छायाप्रतियां और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ।
चंदौली

2:27 PM, Mar 26, 2026
चंदौली। कोतवाली चंदौली पुलिस ने चेकिंग के दौरान कूट रचित दस्तावेजों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से फर्जी कागजात और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 25 मार्च 2026 को एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में युवक की पहचान रूपेश उपाध्याय (22 वर्ष) पुत्र अम्बरीष उपाध्याय, निवासी हेतमपुर थाना धानापुर जनपद चंदौली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक निमंत्रण पत्र, दो कूट रचित छायाप्रतियां और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने मोबाइल फोन में चैटजीपीटी की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। वह इन कागजात को दिखाकर खुद को कभी RAW एजेंट तो कभी असिस्टेंट कमांडेंट बताता था और इसका इस्तेमाल निजी लाभ के लिए करता था।
इस मामले में कोतवाली चंदौली में मु0अ0सं0 0122/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(4) व 340(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव तथा हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव शामिल रहे।
