मड़ई में सो रहे शिक्षक के ऊपर गिरा सांप, सर्पदंश से मौत
धानापुर। थाना क्षेत्र के सोनहुली गांव में बीती रात सर्पदंश से एक निजी शिक्षक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धानापुर, चंदौली

3:09 PM, Oct 2, 2026
धानापुर के सोनहुली गांव में हादसा, जिला अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
धानापुर। थाना क्षेत्र के सोनहुली गांव में बीती रात सर्पदंश से एक निजी शिक्षक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सोनहुली गांव निवासी मनही राम (55) पुत्र स्व. छै राम प्रतिदिन की तरह रात में खाना खाने के बाद घर के बाहर बनी मड़ई में सोने चले गए। बताया जा रहा है कि देर रात अचानक मड़ई के ऊपर से एक सांप उनके ऊपर गिर पड़ा और उन्हें डंस लिया। सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।
Advertisement
परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर गांव में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि मनही राम निजी विद्यालय में शिक्षक थे। उनके परिवार में एक पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। इनमें दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र अभी पढ़ाई कर रहा है। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों के सामने दुख के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
