उपले के ढेर में डेरा जमाए नाग-नागिन के जोड़े को सपेरे ने निकाला
धानापुर। थाना क्षेत्र के सीता पोखरी गांव में गौशाला के समीप टिनशेड में रखे उपले के ढेर में कई दिनों से डेरा जमाए नाग-नागिन के जोड़े को मंगलवार को सपेरे ने रेस्क्यू किया। इस दौरान मौके पर दर्जनों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उपले के ढेर से एक अन्य सांप भी मिला, जिसे सपेरे ने सुरक्षित बाहर निकाला।
धानापुर, चंदौली

7:34 PM, Aug 25, 2026
धानापुर। थाना क्षेत्र के सीता पोखरी गांव में गौशाला के समीप टिनशेड में रखे उपले के ढेर में कई दिनों से डेरा जमाए नाग-नागिन के जोड़े को मंगलवार को सपेरे ने निकाला। इस दौरान मौके पर दर्जनों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उपले के ढेर से एक अन्य सांप भी मिला, जिसे सपेरे ने सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार सीता पोखरी (धरांव) निवासी किसान सागर यादव की गौशाला के पास बने टिनशेड में उपले रखे थे। करीब एक सप्ताह पूर्व घर की एक महिला खाना बनाने के लिए उपले निकालने पहुंची। इसी दौरान उपले के ढेर से नाग-नागिन का जोड़ा बाहर निकलकर कुछ दूरी पर कुंडली मारकर बैठा दिखाई दिया। सांपों को देखते ही महिला डरकर वहां से भागी और परिजनों को जानकारी दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, दोनों सांप दोबारा उपले के ढेर में छिप गए।
इसके बाद से सांपों का जोड़ा अक्सर गौशाला परिसर के आसपास दिखाई देने लगा। लोगों के सामने पड़ने पर दोनों फुफकारते हुए फिर उपले के ढेर में छिप जाते थे। इससे परिवार के लोग काफी डरने लगे।
Advertisement
शिव बदन यादव ने बताया कि नाग पंचमी के त्योहार से पहले से ही नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई दे रहा था। परिवार के लोग उन्हें छेड़ना नहीं चाहते थे और उम्मीद थी कि वे खुद वहां से चले जाएंगे, लेकिन बार-बार दिखाई देने के कारण खतरा बना हुआ था।
मंगलवार को सुरक्षा को देखते हुए प्रसहटा गांव से एक सपेरे को बुलाया गया। ग्रामीणों की मौजूदगी में सपेरे ने काफी मशक्कत के बाद उपले के ढेर से नाग-नागिन के जोड़े को बाहर निकाला। इसी दौरान ढेर में छिपा एक अन्य सांप भी मिला। रेस्क्यू किए गए सांपों को मिट्टी की हांडी में सुरक्षित रखकर सपेरा उन्हें आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए ले गया। सांपों के हटने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
